राज्यपाल गुरमीत सिंह ने लोक मिलन कार्यक्रम में सुनीं पूर्व सैनिकों और आमजन की समस्याएं
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने लोक मिलन कार्यक्रम में सुनीं पूर्व सैनिकों और आमजन की समस्याएं
देहरादून: भारत केसरी
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने सोमवार को लोक भवन में आयोजित लोक मिलन कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और दूरदराज क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। राज्यपाल ने सभी शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

लोक मिलन कार्यक्रम में उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार और देहरादून से पहुंचे करीब 20 लोगों ने भूमि विवाद, रोजगार, ग्राम विकास, आर्थिक सहायता और अन्य जनहित से जुड़े मामलों को राज्यपाल के समक्ष रखा।
राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार और तय समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने शिकायत निवारण अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी मामलों को संबंधित जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को तत्काल भेजकर समाधान की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

राज्यपाल ने कहा कि लोक मिलन कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर पूर्व सैनिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर संवेदनशीलता के साथ उनका समाधान करना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान कई लोगों ने राज्यपाल को अपनी स्वलिखित पुस्तकें भी भेंट कीं। वहीं वुशु में नेशनल फेडरेशन कप में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के बच्चों ने भी राज्यपाल से मुलाकात की। राज्यपाल ने बच्चों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं, साथ ही वरिष्ठ पत्रकार राम अनुज को भी पुस्तक भेंट किया।
इसके अलावा यूथ गेम्स में पदक जीतने वाली पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी राज्यपाल से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। छात्राओं ने नेपाल में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-17 और अंडर-14 वर्ग में पदक हासिल किए हैं। राज्यपाल ने बेटियों की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में राज्य और देश का नाम रोशन कर रही हैं।
