Uttrakhand

ऋषिकेश में एमडीडीए का बड़ा अभियान, आठ अवैध बहुमंजिला भवन सील

ऋषिकेश में एमडीडीए का बड़ा अभियान, आठ अवैध बहुमंजिला भवन सील

देहरादून/ऋषिकेश। भारत केसरी

 

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बुधवार को ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए आठ अवैध बहुमंजिला भवनों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे।

 

एमडीडीए की कार्रवाई की शुरुआत देहरादून की संस्कृति लोक कॉलोनी लेन नंबर-6बी से हुई, जहां हसन द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह के आदेश पर सील किया गया। इसके बाद टीम मानविय नगर लेन नंबर-10, ऋषिकेश पहुंची, जहां कृष्णा के अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई।

श्यामपुर स्थित लकड़घाट रोड पर रतूड़ी द्वारा बनाए जा रहे अवैध बहुमंजिला भवन को भी प्राधिकरण ने सील कर दिया। वहीं निर्मल बाग ब्लॉक-बी गली नंबर-11 विस्थापित क्षेत्र में अनुज, विपिन चौधरी और सूरवीर सिंह बिष्ट के निर्माणों पर सख्त कार्रवाई करते हुए भवन सील किए गए।

 

इसी क्षेत्र में सगुन शर्मा द्वारा अलग-अलग स्थानों पर किए जा रहे दो अवैध बहुमंजिला निर्माणों को भी सील किया गया। इसके अलावा संदीप चौधरी के निर्माण पर भी कार्रवाई अमल में लाई गई। पूरी कार्रवाई एसडीएम ऋषिकेश के आदेशों पर संपन्न हुई।

अभियान में क्षेत्रीय सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता निशांत कुकरेती, जयदीप राणा सहित प्राधिकरण की संयुक्त टीम मौजूद रही।

 

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र और नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण भविष्य में सुरक्षा और शहरी व्यवस्था के लिए खतरा बनते हैं। उन्होंने लोगों से निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्राधिकरण से अनुमति लेने की अपील की।

वहीं एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि क्षेत्र में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और नोटिस के बावजूद जवाब न देने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।