फर्जी अस्पतालों पर चले बुलडोजर”, स्वास्थ्य मंत्री से बोले सूर्यकांत धस्माना
देहरादून के पेनेशिया अस्पताल में हुए अग्निकांड के बाद सियासत भी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अस्पताल पहुंचकर घायल मरीजों और पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना तथा स्वास्थ्य मंत्री से अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

हरिद्वार रोड स्थित कैलाश अस्पताल पहुंचे धस्माना ने कहा कि पेनेशिया अस्पताल समेत प्रदेश में कई निजी अस्पताल मानकों के विपरीत संचालित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे अस्पतालों के पीछे एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है, जिसमें कुछ डॉक्टर, 108 एंबुलेंस संचालक और अस्पताल प्रबंधन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

धस्माना ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर प्रदेशभर में चल रहे “फर्जी और मानकों के खिलाफ संचालित अस्पतालों” के खिलाफ अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसे हादसे और बड़े रूप ले सकते हैं।
कांग्रेस नेता ने आग में झुलसे मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और मरीजों को बचाने के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों की सराहना की। उन्होंने डीजीपी और राज्य सरकार से बहादुरी दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित और पुरस्कृत करने की मांग की।
कैलाश अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही पेनेशिया अस्पताल में भर्ती मरीजों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए शिफ्ट किया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि एक मरीज को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि अन्य मरीजों का उपचार जारी है।
