DEHRADUNDM DEHRADUN

दिव्यांगों और बेसहारा महिलाओं के लिए डीएम सविन बंसल की बड़ी पहल, डीडीआरसी और नारी निकेतन को मिली फ्री ईवी वाहन सेवा

 

दिव्यांगों और बेसहारा महिलाओं के लिए डीएम सविन बंसल की बड़ी पहल, डीडीआरसी और नारी निकेतन को मिली फ्री ईवी वाहन सेवा

 

देहरादून: भारत केसरी

देहरादून जिला प्रशासन ने दिव्यांगजनों, वृद्धों और बेसहारा महिलाओं-बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर एक संवेदनशील पहल शुरू की है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) और केदारपुरम स्थित राजकीय नारी निकेतन के लिए निःशुल्क ईवी वाहन सेवा का शुभारंभ किया।

डीएम ने हरी झंडी दिखाकर दोनों वाहनों को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिव्यांग और वृद्धजनों को सम्मानजनक व सहज सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने बताया कि सितंबर 2025 में गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय में राज्य का पहला जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र स्थापित किया गया था, जहां फिजियोथेरेपी, मनोवैज्ञानिक परामर्श, दिव्यांग प्रमाण पत्र और कृत्रिम अंग वितरण जैसी कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डीएम ने कहा कि डीडीआरसी से जुड़े दिव्यांग और वृद्धजनों को इलाज व अन्य कार्यों के लिए विभिन्न अस्पतालों और संस्थानों तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसी को देखते हुए प्रशासन ने समर्पित निःशुल्क ईवी वाहन सेवा शुरू की है।

*Bharat Kesari DIGITAL*

 

वहीं, केदारपुरम स्थित राजकीय नारी निकेतन, बालिका निकेतन, बाल गृह और शिशु सदन में रहने वाली 180 से अधिक महिलाओं और बच्चों को भी अब सुरक्षित और सम्मानजनक परिवहन सुविधा मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि इससे जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों को अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी।

 

डीएम सविन बंसल ने कहा कि यह पहल केवल सुविधा नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। ईवी वाहनों के उपयोग से प्रदूषण कम होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट और जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।