CRIME NEWSUttrakhand

06 घंटे में स्नेचिंग का खुलासा, दून पुलिस ने दो बदमाशों को दबोचा

 

06 घंटे में स्नेचिंग का खुलासा, दून पुलिस ने दो बदमाशों को दबोचा

 

देहरादून/विकासनगर: भारत केसरी

एसएसपी अजय सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विकासनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ई-रिक्शा में सवार महिला से दिनदहाड़े बैग छीनने की घटना का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला का छीना गया बैग, नगदी, जरूरी दस्तावेज और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर सीज कर दी है।

 

जानकारी के मुताबिक 22 मई को रोशनी देवी निवासी लक्ष्मीपुर बरोटीवाला अपने पति और बेटी के साथ ई-रिक्शा से विकासनगर आ रही थीं। इसी दौरान हनुमान धाम चाय बागान के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनके हाथ से बैग छीन लिया और फरार हो गए। बैग में नगदी के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए विकासनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। देर रात ढालीपुर रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित चौधरी निवासी हरबर्टपुर और दानिश निवासी आसनबाग हरबर्टपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया था।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी चोरी और मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों से 800 रुपये नगद, महिला के दस्तावेज और घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद की है।

 

कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा, उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं, उपनिरीक्षक मयंक त्यागी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।