CRIME NEWSUttrakhand

नकली दवाओं के खिलाफ STF का बड़ा एक्शन, कोटद्वार में अवैध फैक्ट्री सील

 

नकली दवाओं के खिलाफ STF का बड़ा एक्शन, कोटद्वार में अवैध फैक्ट्री सील

 

देहरादून/कोटद्वार: भारत केसरी

उत्तराखंड एसटीएफ ने नकली दवाओं का कारोबार करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन फेक पिल” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटद्वार स्थित एक अवैध दवा फैक्ट्री को सील कर दिया। एसटीएफ की यह 24 घंटे के भीतर नकली दवा माफियाओं पर दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

Oplus_16908288

एसटीएफ के अनुसार कोटद्वार के सिडकुल सिगड्डी क्षेत्र में स्थित मैसर्स नैक्टर हर्ब्स एंड ड्रग्स नाम की फैक्ट्री में अवैध रूप से नकली दवाइयों का निर्माण किया जा रहा था। सूचना मिलने पर एसटीएफ टीम ने औषधि विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त छापेमारी की।

 

जांच में सामने आया कि फैक्ट्री का औषधि निर्माण लाइसेंस वर्ष 2024 में ही निरस्त किया जा चुका था, इसके बावजूद परिसर में दवा निर्माण से जुड़ी मशीनें और उपकरण संचालित पाए गए। मौके से करीब 3 किलोग्राम कम्प्रेस्ड टैबलेट और टैबलेट निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 34 पंच उपकरण बरामद किए गए।

 

एसटीएफ ने फैक्ट्री को नियमानुसार सील कर दिया है और बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

जांच में यह भी सामने आया कि इसी फैक्ट्री पर वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन बनाने के आरोप लगे थे। वहीं वर्ष 2024 में तेलंगाना पुलिस ने भी यहां छापेमारी कर नकली दवाओं और रैपर का बड़ा जखीरा पकड़ा था।

 

फैक्ट्री संचालक की पहचान विशद कुमार निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

 

एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अवैध दवा निर्माण इकाई या नकली दवा कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें। साथ ही लोगों से केवल लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर से ही दवाइयां खरीदने की अपील की गई है।

 

कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक यादविंदर सिंह बजवा, उपनिरीक्षक दीपक मेठाणी समेत एसटीएफ और औषधि विभाग के अधिकारी शामिल रहे।