ऑपरेशन प्रहार में बड़ा धमाका, पार्षद समेत कई सफेदपोश रडार पर
*जमीन घोटाले में पार्षद गिरफ्तार, दून पुलिस ने खोली सफेदपोशों की परतें*
देहरादून, भारत केसरी
देहरादून में संगठित भूमि धोखाधड़ी के बड़े खेल में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पार्षद को गिरफ्तार किया है। एसएसपी अजय सिंह के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नेहरू कॉलोनी पुलिस ने वार्ड नंबर-56 के पार्षद अमित भंडारी उर्फ दीपू को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार इससे पहले 20 हजार के इनामी और भूमि धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड प्रदीप सकलानी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पूछताछ में प्रदीप सकलानी ने अपने कई सहयोगियों और संदिग्धों के नाम उजागर किए थे। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर स्पेशल टीमें गठित कर विभिन्न लोगों से अलग-अलग थानों में पूछताछ शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि थाना नेहरू कॉलोनी में दर्ज भूमि धोखाधड़ी के मामले में प्रदीप सकलानी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर महाराष्ट्र निवासी बुजुर्ग महिला प्रतिमा लाखीराम कंसवाल की देहरादून स्थित जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। इतना ही नहीं, महिला के दोनों पुत्रों के फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर जमीन को तीन अलग-अलग लोगों को बेच दिया गया।
पूछताछ में पार्षद अमित भंडारी, हेम भट्ट, अमजद खान और शौकत अली समेत कई नाम सामने आए थे। पुलिस ने सभी से गहन पूछताछ की और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद अमित भंडारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि प्रदीप सकलानी का जल्द पुलिस कस्टडी रिमांड लिया जाएगा, जिसमें उससे दोबारा पूछताछ कर भूमि धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
वहीं पूछताछ के लिए लाए गए कुछ अन्य लोगों के खिलाफ फिलहाल ठोस साक्ष्य नहीं मिलने पर उन्हें अग्रिम सहयोग की हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मामले में साक्ष्य मिलने पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
