Uttrakhand

प्रियंका गांधी से ज्योति रौतेला की मुलाकात ने बढ़ाई सियासी हलचल, उत्तराखंड चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारी

 

*प्रियंका गांधी से ज्योति रौतेला की मुलाकात ने बढ़ाई सियासी हलचल, उत्तराखंड चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारी*

देहरादून/नई दिल्ली: भारत केसरी

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अब पूरी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने नई दिल्ली में कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

 

 

नई दिल्ली स्थित 10 जनपथ में हुई इस अहम बैठक को उत्तराखंड की राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुलाकात के दौरान प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, महिला कांग्रेस के संगठन विस्तार, महिला शक्ति की भागीदारी और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से मंथन हुआ।

 

सूत्रों के मुताबिक बैठक में प्रियंका गांधी ने चुनावी साल को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही महिला कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय भूमिका में लाने पर भी चर्चा हुई।

इस दौरान ज्योति रौतेला ने प्रियंका गांधी को देवभूमि उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। माना जा रहा है कि आने वाले समय में प्रियंका गांधी का उत्तराखंड दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर सकता है।

 

मुलाकात के बाद ज्योति रौतेला ने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व लगातार उत्तराखंड की चुनावी तैयारियों पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने जा रही है और भाजपा सरकार के कथित कुशासन के खिलाफ जनता के बीच जाएगी।

 

राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को खासा अहम माना जा रहा है, क्योंकि राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की चर्चाओं के बीच कांग्रेस अब महिला नेतृत्व, युवा भागीदारी और जमीनी मुद्दों के सहारे चुनावी माहौल को धार देने की रणनीति पर आगे बढ़ती दिख रही है।