विश्व पर्यावरण दिवस पर राजीव गांधी स्टडी सर्किल का सफाई अभियान
देहरादून, भारत केसरी
। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजीव गांधी स्टडी सर्किल, देहरादून चैप्टर द्वारा राजपुर डायवर्जेंट से ओल्ड मसूरी रोड स्थित शिव बावड़ी तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने सड़क किनारे फैले प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य कचरे को एकत्र कर नगर निगम के माध्यम से निस्तारित कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने झाड़ू लगाकर किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए। उन्होंने प्लास्टिक और पॉलीथिन को पर्यावरण का सबसे बड़ा दुश्मन बताते हुए इनके उपयोग से बचने की अपील की।
राजीव गांधी स्टडी सर्किल की स्टेट स्टूडेंट सेक्रेटरी सुप्रिया धस्माना ने कहा कि “क्लीन दून, ग्रीन दून” और “से नो टू प्लास्टिक” अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के नेतृत्व में चलने वाला जनजागरूकता अभियान है, जिसे पूरे उत्तराखंड में विस्तार दिया जाएगा।
अभियान में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
