CM UTTRAKHANDDEHRADUNDM DEHRADUN

समाधान दिवस में डीएम एक्शन मोड में, 194 शिकायतों पर अधिकारियों को सख्त निर्देश

डीएम का सख्त संदेश: जनता की शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 194 मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। भारत केसरी

जन समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। सोमवार को आयोजित *समाधान दिवस* में डीएम ने 194 शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

 

समाधान दिवस में भूमि विवाद, अतिक्रमण, ऋण, पेयजल, आर्थिक सहायता और विधिक सहायता से जुड़े मामलों की भरमार रही। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों को लंबित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

### **बैंक को नोटिस, ऋण प्रक्रिया पर उठे सवाल**

एक मामले में मकान ऋण न चुका पाने पर बैंक द्वारा नीलामी नोटिस जारी किए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पूछा कि जब आवेदक ऋण चुकाने में सक्षम नहीं था तो बैंक ने किस आधार पर लोन स्वीकृत किया। मामले की जांच के लिए एडीएम और लीड बैंक अधिकारी को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

**बुजुर्ग पिता की फरियाद पर कार्रवाई**

श्यामपुर निवासी एक बुजुर्ग ने शिकायत की कि उनके बेटे ने खर्चा देने का भरोसा दिलाकर मकान अपनी पत्नी के नाम करा लिया और अब देखभाल से इनकार कर रहा है। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को *भरण-पोषण अधिनियम* के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

**85 वर्षीय बुजुर्ग की शिकायत पर जांच**

मातावाला बाग निवासी 85 वर्षीय सोमप्रकाश द्वारा नगर निगम और निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर डीएम ने नगर आयुक्त को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

**बच्चों के स्वास्थ्य और महिलाओं की सुरक्षा पर फोकस**

डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों की पहचान कर विशेष चिकित्सा शिविर लगाने और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं महिलाओं की सुरक्षा के लिए शहर और कस्बों के सभी डार्क स्पॉट चिन्हित कर वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने को कहा।

**मानसून तैयारियों में तेजी के निर्देश**

लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को सड़कों की मरम्मत, पुलों की सुरक्षा और नदियों के चैनलाइजेशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को अवैध डंपिंग जोन की सूची भी उपलब्ध कराने को कहा गया।