देहरादून पुलिस को आईजी का सख्त संदेश: अपराधियों पर प्रहार तेज करो, रैश ड्राइविंग और फेक न्यूज फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
देहरादून। भारत केसरी
गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजीव स्वरूप ने सोमवार को पुलिस लाइन देहरादून में जनपद के अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में आईजी ने जनपद में घटित अपराधों, उनके खुलासे और लंबित मामलों की सर्किलवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपराध नियंत्रण में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए।

आईजी राजीव स्वरूप ने कहा कि गंभीर अपराधों की विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों को नियमित रूप से थानों की समीक्षा करने और जांच की प्रगति पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे और प्रभावी बनाने को कहा गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
आईजी ने ईनामी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित करने को कहा। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, फेरी-ठेली संचालकों और मजदूरों का शत-प्रतिशत सत्यापन अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

अपराध समीक्षा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 49 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आईजी गढ़वाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और भविष्य में भी इसी प्रकार कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

