नरेंद्रनगर मतदान केंद्र पर मंत्री सुबोध उनियाल और UKD नेता में तीखी नोकझोंक, वीडियो वायरल
*नरेंद्रनगर मतदान केंद्र पर मंत्री सुबोध उनियाल और UKD नेता में तीखी नोकझोंक, वीडियो वायरल**
, उत्तराखंड, नरेंद्रनगर। भारत केसरी
नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर चुनाव के मतदान के दौरान मंगलवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब वन एवं स्वास्थ्य मंत्री **सुबोध उनियाल** धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय स्थित मतदान केंद्र पहुंचे और कथित तौर पर अपनी टीम के साथ बूथ के अंदर चले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में **उत्तराखंड क्रांति दल (UKD)** की नेता **प्रमिला रावत** मंत्री के मतदान केंद्र के अंदर जाने पर आपत्ति जताती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और माहौल गर्मा गया।
### UKD नेता ने उठाए सवाल
प्रमिला रावत ने मंत्री से सवाल किया कि उन्हें मतदान केंद्र के भीतर जाने की अनुमति किस आधार पर दी गई। वीडियो में मंत्री और वहां मौजूद लोगों के बीच बहस होती दिखाई देती है। आरोप है कि बहस के दौरान मंत्री ने एक युवक को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की।

### मोबाइल छीनने की कोशिश का आरोप
विवाद के दौरान प्रमिला रावत ने आरोप लगाया कि उनके मोबाइल फोन को छीनने का प्रयास किया गया। वहीं मंत्री से लगातार पूछा गया कि वे मतदान केंद्र के भीतर क्यों गए थे। इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि वे पोलिंग की जानकारी लेने अंदर गए थे।
### निर्वाचन अधिकारी का बयान
मामले पर **रिटर्निंग ऑफिसर डी.के. शर्मा** ने स्पष्ट कहा कि मंत्री को मतदान केंद्र के अंदर जाने का अधिकार नहीं है। उनके इस बयान के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
### कांग्रेस ने की जांच की मांग
कांग्रेस प्रवक्ता **गरिमा मेहरा दसौनी** ने पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष जांच कराने और मामले का संज्ञान लेने की मांग की है।
### 56.62 प्रतिशत हुआ मतदान
नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के सात वार्डों में सभासद पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कुल **3596 मतदाताओं** में से **2036 मतदाताओं** ने वोट डाले, जिससे मतदान प्रतिशत **56.62%** रहा।
अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष **राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार** पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। सभासद पद के लिए चुनाव लड़ रहे 15 प्रत्याशियों के भाग्य अब मतपेटियों में बंद हैं। **मतगणना 11 जून को होगी।**

