फर्जी शस्त्र लाइसेंस रैकेट पर STF का बड़ा प्रहार, काशीपुर से हथियारों का जखीरा बरामद
देहरादून/काशीपुर। भारत केसरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए काशीपुर से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। STF और ऊधमसिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक स्विफ्ट कार से 4 अवैध हथियार, 237 जिंदा कारतूस, 4 मैगजीन और 7 फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।

STF के अनुसार, राज्य में बाहरी राज्यों से ट्रांसफर होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। बरामद हथियारों में 12 बोर की पंप एक्शन गन, .22 बोर सेमी ऑटोमैटिक राइफल, .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और .32 बोर रिवॉल्वर शामिल हैं।
जांच में सामने आया है कि बरामद हथियार और फर्जी लाइसेंस काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल से जुड़े हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
एसएसपी STF ने बताया कि अब तक इस मामले में राज्यभर में तीन मुकदमे दर्ज कर पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। साथ ही कई जिलों में हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी लाइसेंस और अवैध हथियार राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। STF ऐसे मामलों में “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि यदि किसी संदिग्ध या फर्जी शस्त्र लाइसेंस की जानकारी हो तो तत्काल STF को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

बरामदगी
01 पंप एक्शन बंदूक (12 बोर)
01 सेमी ऑटोमैटिक राइफल (.22 बोर)
01 सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल (.32 बोर)
01 रिवॉल्वर (.32 बोर)
237 जिंदा कारतूस
07 फर्जी शस्त्र लाइसेंस
01 स्विफ्ट कार (UK18P-5046)
STF का संदेश: फर्जी लाइसेंस धारक अभी भी अपने हथियार पुलिस के समक्ष सरेंडर कर सकते हैं, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

