DEHRADUN

पंडितवाड़ी में कृष्ण जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु, जय श्री कृष्ण के उद्घोष से गूंजा पंडाल

देहरादून। भारत केसरी

पंडितवाड़ी में क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कथा व्यास श्री रामकृष्ण उनियाल ने अपनी मधुर वाणी में भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कथा के दौरान जब भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया तो पूरा पंडाल “जय श्री कृष्ण” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां मनाते नजर आए।

 

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा एवं कृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में स्वयं कहा है कि जब-जब धर्म की हानि होगी और अधर्म बढ़ेगा, तब-तब वे धर्म की स्थापना और सज्जनों की रक्षा के लिए अवतार लेंगे।

धस्माना ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देती है तथा जीवन के सबसे बड़े सत्य मृत्यु का सामना करने का मार्ग भी दिखाती है।

 

कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद अभिषेक तिवारी (सोनू), सुनील उनियाल एवं अनुज दत्त शर्मा ने सूर्यकांत धस्माना का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद अंजू बिष्ट, अतुल बिष्ट, राजेश्वरी डोभाल, रजनी, मधु, आनंद सिंह पुंडीर, अनुज डोभाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।