मुख्य नगर आयुक्त से मिला संयुक्त नागरिक संगठन का प्रतिनिधिमंडल शहर के विकास, हरित क्षेत्रों और साइकिल ट्रैक विस्तार पर हुई चर्चा
देहरादून। भारत केसरी
संयुक्त नागरिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम देहरादून के नवनियुक्त मुख्य नगर आयुक्त से उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्य नगर आयुक्त का स्वागत करते हुए शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मुख्य नगर आयुक्त के पदभार संभालने से नागरिकों की उम्मीदें बढ़ी हैं और लोगों को विश्वास है कि शहर की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। बैठक में जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और नागरिक जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य नगर आयुक्त ने नगर निगम की नई पहलों की जानकारी देते हुए बताया कि शहर के उद्यानों और हरित क्षेत्रों के बेहतर विकास के लिए हॉर्टिकल्चर विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं। विशेषज्ञों की मदद से विभिन्न क्षेत्रों में उपयुक्त पौधारोपण, देखभाल और वैज्ञानिक तरीके से हरित विकास की योजना तैयार की जाएगी।

बैठक में शहर में साइकिलिंग संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए साइकिल ट्रैक नेटवर्क के विस्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। संगठन की ओर से सुझाव दिया गया कि सहस्त्रधारा रोड सहित प्रमुख मार्गों को आसपास की कॉलोनियों और गलियों से साइकिल ट्रैक के माध्यम से जोड़ा जाए, जिससे नागरिकों को सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिल सके।
मुख्य नगर आयुक्त ने संगठन के सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि नगर निगम नागरिकों की सहभागिता के साथ शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़े सभी रचनात्मक सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

बैठक में दिनेश भंडारी, रवि सिंह नेगी, गुलिस्ता खानम, दीपचंद शर्मा, आर.एस. कैंथुरा, ताराचंद गुप्ता, योगेश अग्रवाल, रोहित कोचवे, प्रकाश नागिया, अमर सिंह, खुशवीर सिंह, शक्ति प्रसाद डिमरी, अवधेश शर्मा और मुशील सैनी सहित संगठन के कई सदस्य उपस्थित रहे।
