Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

केतन लाल मृत्यु मामले में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने उठाई न्याय की मांग

प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने परिजनों से मुलाकात कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की

 

टिहरी गढ़वाल। भारत केसरी 

जनपद टिहरी गढ़वाल में केतन लाल की कथित पिटाई के बाद हुई मृत्यु के मामले को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने न्याय की मांग तेज कर दी है। विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने मृतक के गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान मदन लाल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए।

 

मदन लाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और कमजोर वर्गों, विशेषकर दलित समाज के लोगों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं देवभूमि उत्तराखंड की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं।

 

उन्होंने प्रदेश सरकार से मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा देने के साथ-साथ परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी की।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को समय पर न्याय नहीं मिला और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो विभाग आंदोलन, धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

 

इस अवसर पर मुरारी लाल खंडवाल, धर्मपाल घाघट, सूरत सिंह कोहली, अनिल सिंह, कुशाल सिंह, श्यामलाल शाह, विजय लाल, दिनेश लाल, सुनील चंद, खपा लाल, मोहनलाल तथा शिवानी अभिषेक सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे