पित्थुवाला खुर्द में अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए का बुलडोजर,लगभग एक बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनी ध्वस्त
देहरादून। भारत केसरी
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत भूमि विकास के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को सिमला बाईपास स्थित पित्थुवाला खुर्द क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।

एमडीडीए के अनुसार पित्थुवाला खुर्द क्षेत्र में सुभाष कश्यप द्वारा लगभग एक बीघा भूमि पर बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और स्वीकृत ले-आउट के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। निरीक्षण और जांच के दौरान भूमि विकास कार्य नियमों के विपरीत पाया गया, जिसके बाद प्राधिकरण ने नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
अधिकारियों ने बताया कि अनधिकृत कॉलोनियों और अवैध भूमि विकास गतिविधियों पर प्राधिकरण की लगातार नजर बनी हुई है। एमडीडीए का कहना है कि बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण और प्लॉटिंग कार्य न केवल शहरी नियोजन को प्रभावित करते हैं, बल्कि भविष्य में आधारभूत सुविधाओं के विकास में भी बाधा उत्पन्न करते हैं।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता विजय सिंह रावत, अवर अभियंता मुनेष राणा तथा प्राधिकरण के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपन्न कराया गया।
इस संबंध में बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी कर किसी को भी भूमि विकास की अनुमति नहीं दी जाएगी और उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से किसी भी भूखंड या संपत्ति में निवेश से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और आवश्यक स्वीकृतियों की जांच करने की अपील की।
