कूड़ा प्रबंधन पर सख्त हुए डीएम, माइक्रो लेवल पर होगी निगरानी
जनता से अपील— समस्याओं की फोटो और लोकेशन डीआईपीआर देहरादून के सोशल मीडिया पेज पर करें टैग
देहरादून। भारत केसरी
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद में स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम, नगर निकायों और कैंटोन्मेंट बोर्ड के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। एनआईसी सभागार, कलेक्ट्रेट से आयोजित वर्चुअल बैठक में उन्होंने कूड़ा निस्तारण के लिए शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सभी विभागों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और व्यावहारिक समाधान तैयार करें।

डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि कूड़ा उठान एवं निस्तारण कार्यों की माइक्रो स्तर पर निगरानी की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय कर नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाए जहां नियमित रूप से कूड़ा डंप किया जाता है और उनके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए।
बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों, जिला पंचायत तथा कैंटोन्मेंट बोर्डों को कूड़ा संग्रहण, परिवहन और निस्तारण व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वच्छता संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक सिग्नल, साइन बोर्ड, सड़क, नाली, कूड़ा तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की फोटो, लोकेशन और विवरण के साथ डीआईपीआर देहरादून के फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पेज पर टैग किया जाए। प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में के.के. मिश्रा, अपर्णा ढोंडियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि नगर निकायों और संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
