CRIME NEWSUttrakhand

फर्जी हथियार लाइसेंस रैकेट पर STF का बड़ा एक्शन, 2 गिरफ्तार, कई अवैध हथियार बरामद

देहरादून। भारत केसरी

उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश और “अपराध मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत STF ने रुद्रपुर क्षेत्र में देर रात छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध हथियार, आठ जिंदा कारतूस और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

STF के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल और उसका चालक अमित पाल शामिल हैं। दोनों को रुद्रपुर रोडवेज के पास से हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान एक 12 बोर पंप एक्शन बंदूक, एक .30 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ कारतूस और दो फर्जी लाइसेंस बरामद हुए।

 

STF ने बताया कि 10 जून को काशीपुर क्षेत्र में संयुक्त अभियान के दौरान एक स्विफ्ट कार से चार अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद किए गए थे। जांच में यह मामला सौरभ अग्रवाल और उसके सहयोगियों से जुड़ा पाया गया था। इसके बाद से STF की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।

 

एसएसपी STF ने बताया कि गिरफ्तार चालक अमित पाल ने पूछताछ में खुलासा किया है कि बरामद स्विफ्ट कार को साक्ष्य छिपाने की नीयत से पार्किंग में खड़ा किया गया था। उसके कब्जे से कार की चाबी भी बरामद हुई है। पूछताछ में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके संबंध में STF साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

 

STF के मुताबिक अब तक फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में राज्यभर में तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। सात आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और जांच के दौरान 12 अवैध हथियार, 315 कारतूस तथा कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

 

एसएसपी STF ने कहा कि बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया जा रहा है। फर्जी लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं, इसलिए ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

मुख्य बरामदगी

01 पंप एक्शन बंदूक (12 बोर)

01 ऑटोमैटिक पिस्टल (.32 बोर)

01 ऑटोमैटिक पिस्टल (.30 बोर)

08 जिंदा कारतूस

02 फर्जी शस्त्र लाइसेंस

स्विफ्ट कार की चाबी

गिरफ्तार आरोपी

सौरभ अग्रवाल, निवासी काशीपुर

अमित पाल, निवासी कटोराताल, काशीपुर