DEHRADUN

देहरादून में ऐक्टिंग की पाठशाला “उड़ान” का शुभारंभ, युवा कलाकारों को मिलेगा मंच

देहरादून। भारत केसरी 

उत्तराखंड की प्रमुख सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था रंगायन एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को ऐक्टिंग की पाठशाला “उड़ान”का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर फिल्म लेखक कनिष्क कुमार, रंगकर्मी मंजुल मिश्रा, नवनीत गैरोला, ज्ञान गुप्ता, अमित बहुखंडी, प्रत्यूष, अमित सेमवाल, शुभम एवं रुचि पंवार सहित कई कलाकार मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कला और संगीत समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि एक समय देहरादून का रंगमंच देशभर में अपनी पहचान रखता था और यहां से हिमानी शिवपुरी, मुकेश धस्माना, निवेदिता बौनठीयाल एवं चंद्रमोहन जैसे कलाकार निकले, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन किया।

 

उन्होंने प्रदेश में कलाकारों के लिए समर्पित कला केंद्र की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि कला और संस्कृति से जुड़ी संस्थाओं को इस दिशा में मिलकर प्रयास करने चाहिए।

रंगायन एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं मुंबई की चर्चित थिएटर कलाकार निवेदिता बौनठीयाल ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य नई प्रतिभाओं को मंच की बारीकियों से परिचित कराना और उनके भीतर छिपी कला को निखारना है। उन्होंने कहा कि अपने जन्मस्थान और कर्मभूमि देहरादून में लौटकर युवा कलाकारों को प्रशिक्षित करना उनके लिए मातृभूमि के प्रति योगदान का अवसर है।

 

उन्होंने बताया कि रंगायन एसोसिएशन पिछले पांच वर्षों से प्रदेश में रंगमंच और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। साथ ही जुलाई माह में देहरादून में तीन दिवसीय रंगमंच उत्सव आयोजित किया जाएगा।

 

कार्यक्रम में कला, संस्कृति और रंगमंच से जुड़े अनेक कलाकारों एवं कला प्रेमियों ने भाग लिया।