Uttrakhand

UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 116 केंद्रों पर पुलिस की रही कड़ी निगरानी

देहरादून। भारत केसरी

उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा रविवार को जनपद देहरादून के 116 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सकुशल रूप से संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर सभी परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति दी गई।

 

परीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा सभी क्षेत्राधिकारी लगातार विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

 

पुलिस टीमों ने परीक्षा केंद्रों के आसपास भी लगातार गश्त कर संदिग्ध एवं अवांछित गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। पूरे जनपद में परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

 

पुलिस प्रशासन ने परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।