CRIME NEWSUttrakhand

ऑपरेशन प्रहार: पंजाब का वांटेड तस्कर बाजपुर से गिरफ्तार, STF-पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

देहरादून/बाजपुर। भारत केसरी

 

उत्तराखंड में शरण लेकर छिपे बाहरी राज्यों के अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत उत्तराखंड एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार तड़के उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस और ऊधमसिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बाजपुर के केशवनगर क्षेत्र से पंजाब के वांछित अपराधी ईशानप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ के अनुसार आरोपी पंजाब के अमृतसर में दर्ज एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ 23 मई 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

पुलिस के मुताबिक 23 मई को अमृतसर में एएनटीएफ और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने ईशानप्रीत सिंह के घर पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान आरोपी छत से कूदकर फरार हो गया था। तलाशी में उसके घर से 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी।

 

बरामद हथियारों में तीन बरेटा पिस्टल, तीन जिगाना पिस्टल और छह मेड इन चाइना पिस्टल शामिल थीं। जांच में यह भी सामने आया कि हथियार और मादक पदार्थ पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सीमा पार भेजे गए थे, जिसकी जांच पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं।

एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि पंजाब पुलिस से प्राप्त इनपुट के आधार पर आरोपी के उत्तराखंड में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष टीम गठित कर निगरानी की गई और सोमवार सुबह संयुक्त अभियान चलाकर बाजपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

 

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के उपरांत पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच और पूछताछ पंजाब पुलिस द्वारा की जाएगी।

 

एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत राज्य में शरण लेने वाले अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि उत्तराखंड किसी भी अपराधी के लिए सुरक्षित ठिकाना न बन सके।

गिरफ्तार आरोपी

ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह

निवासी: सुरता सिंह कॉलोनी, नारायणगढ़, थाना छेहर्टा, अमृतसर (पंजाब)

पंजाब में बरामदगी

12 अवैध पिस्टल

20 मैगजीन

लगभग 900 ग्राम हेरोइन

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए तस्करी की आशंका