CM UTTRAKHANDDEHRADUNDM DEHRADUNUttrakhand

समाधान दिवस बना उम्मीद की किरण, 4 गंभीर बीमार बच्चों का होगा मुफ्त इलाज

देहरादून। भारत केसरी

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ‘समाधान दिवस’ कई जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत और उम्मीद लेकर आया। आर्थिक तंगी के कारण गंभीर बीमारियों से जूझ रहे चार बच्चों के इलाज की गुहार पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत उनके निशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की है।

सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में जिले भर से आए लोगों की 146 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, अतिक्रमण, जाति प्रमाण पत्र, आर्थिक सहायता और अन्य जनसमस्याएं शामिल रहीं।

 

जनसुनवाई के दौरान चार ऐसे परिवार सामने आए, जिनके बच्चे सिर में रसौली, किडनी और आंतों की गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार इलाज कराने में असमर्थ थे। प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सभी बच्चों के निःशुल्क उपचार का रास्ता साफ कर दिया।

ग्राम पंचायत छरबा में सरकारी बंजर भूमि को कथित रूप से खुर्द-बुर्द कर बेचने और शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी देने के मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम ने पुलिस और राजस्व विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

जनसुनवाई में दो बुजुर्गों ने अपने ही परिजनों पर उत्पीड़न और मकान पर कब्जा करने के आरोप लगाए। इस पर एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

वहीं सहस्रधारा रोड पर खराब सड़क की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। आर्थिक सहायता, पानी के बिल में राहत और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित मामलों में भी संबंधित विभागों को जांच और कार्रवाई के आदेश दिए गए।

 

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने कहा कि जनसमस्याओं का पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

 

 

कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, एसडीएम रविंद्र ज्वांठा, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।