उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने EROs के साथ की समीक्षा बैठक, शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण पर जोर
देहरादून। भारत केसरी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सोमवार को आयोजित बैठक में जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (EROs) ने भाग लिया। बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए गणना प्रपत्रों के वितरण, डिजिटाइजेशन और अन्य संबंधित कार्यों की वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया।
समीक्षा के दौरान जिन विधानसभा क्षेत्रों और बूथों में कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई, वहां की चुनौतियों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विशेष कार्ययोजना बनाकर अभियान को गति देने के निर्देश दिए।
अभिनव शाह ने कहा कि स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को आवश्यकतानुसार हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि डिजिटाइजेशन प्रक्रिया त्रुटिरहित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी हो सके।
उन्होंने सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद देहरादून में गणना प्रपत्रों के वितरण कार्य में लगातार प्रगति दर्ज की जा रही है तथा वितरण प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
बैठक में निर्वाचन विभाग से जुड़े अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।

