देहरादून में योग दिवस की तैयारियां तेज, 19 जून को CM धामी दिखाएंगे ‘रन फॉर योग’ को हरी झंडी
देहरादून, भारत केसरी
। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 19 जून को पुलिस लाइन रेसकोर्स देहरादून में ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।
जानकारी के अनुसार ‘रन फॉर योग’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मेयर सौरभ थपलियाल, आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, आयुष सचिव रंजना राजगुरु, अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे तथा जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान समेत 770 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे।
यह दौड़ पुलिस मैदान रेसकोर्स से शुरू होकर त्यागी रोड से होते हुए पुनः पुलिस मैदान में समाप्त होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
वहीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन के तहत 21 जून को सुबह 7 बजे से 8 बजे तक परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। इसके अलावा लाखामंडल और हनोल जैसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों पर भी कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए नागरिकों से भी योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।

