चारधाम यात्रा पर 24×7 नजर,50 लाख से अधिक पंजीकरण, 36 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन
देहरादून। भारत केसरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर लगातार 24 घंटे निगरानी कर रहा है। अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह केंद्र यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और यात्रा प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

चारधाम यात्रा के लिए अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है, जबकि 36 लाख से अधिक यात्री पांचों धामों के दर्शन कर चुके हैं। गढ़ीकैंट स्थित कंट्रोल सेंटर में 35 से अधिक कार्मिक चार शिफ्टों में कार्य करते हुए यात्रा से जुड़ी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) के स्तर पर भी यात्रा की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्थापित इस केंद्र ने अब तक 45 हजार से अधिक शिकायतों और पूछताछ का सफल समाधान किया है। इनमें हेलीकॉप्टर सेवा से जुड़ी 4,469 शिकायतें, यात्रा पंजीकरण संबंधी 31,942, वाहन पंजीकरण की 1,370, बीकेटीसी पूजा व्यवस्था से जुड़ी 270, जीएमवीएन टूर संबंधी 261 तथा अन्य 785 शिकायतें शामिल हैं।
यात्रा के दौरान मौसम संबंधी चुनौतियों को देखते हुए पंजीकृत श्रद्धालुओं को व्हाट्सएप के माध्यम से मौसम पूर्वानुमान और आवश्यक अपडेट भी भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा आधार आधारित पंजीकरण व्यवस्था लागू होने से फर्जी रजिस्ट्रेशन पर प्रभावी रोक लगी है, जिससे यात्रा संचालन अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित हुआ है।
,उप निदेशक पर्यटन एवं नोडल चारधाम यात्रा कंट्रोल अमित लोहनी ने बताया कि आगामी मानसून को देखते हुए 24 घंटे संचालित कॉल सेंटर यात्रियों को पंजीकरण, यात्रा मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों के साथ साझा कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में संचालित यह कमांड एंड कंट्रोल सेंटर चारधाम यात्रा को सरल, सुरक्षित और सुगम बनाने में प्रभावी भूमिका निभा रहा है।

