Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

बैरागीवाला हत्याकांड पर कांग्रेस का हमला, गणेश गोदियाल बोले- कानून व्यवस्था की विफलता का गंभीर उदाहरण

देहरादून। भारत केसरी 

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला में हुई हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता बताया है। उन्होंने मृतक विनोद कश्यप के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Oplus_16908288

गणेश गोदियाल ने कहा कि एक स्थानीय विवाद का हिंसक रूप लेकर हत्या में बदल जाना प्रशासनिक चूक को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि संबंधित पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था तो पुलिस और प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप क्यों नहीं किया।

 

उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति, धर्म या राजनीतिक पहचान नहीं होती और हत्या में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए। साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए।

 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यदि घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम घूमते रहे, जैसा स्थानीय लोगों द्वारा कहा जा रहा है, तो यह पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने राज्य सरकार से घटना के बाद उठाए गए कदमों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।

 

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कानून और संविधान के शासन में विश्वास रखती है तथा किसी भी कार्रवाई को न्यायिक प्रक्रिया के तहत ही अंजाम दिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से शांति, संयम और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, भूमि विवादों से जुड़े मामले और अन्य आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं। सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द कानून के कठघरे में लाना चाहिए।