उत्तराखंड में तीसरे मोर्चे की एंट्री! राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने फूंका चुनावी बिगुल
देहरादून ,भारत केसरी
उत्तराखंड की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नई राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है। जहां एक ओर भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दावा कर रही है और कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल के रूप में मैदान में है, वहीं अब राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने भी प्रदेश की राजनीति में अपनी सक्रिय मौजूदगी दर्ज करा दी है।
पार्टी संगठन ने सौरभ वत्स को उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपते हुए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन अभिषेक त्यागी ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है और उत्तराखंड की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सौरभ वत्स के नेतृत्व में संगठन को प्रदेशभर में मजबूत किया जाएगा। वहीं नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सौरभ वत्स ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करेगा और उत्तराखंड में तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

