CM UTTRAKHANDUttrakhand

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बनबसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों योग साधकों, एसएसबी जवानों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया

देहरादून/बनबसा,। भारत केसरी 

 

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बनबसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों योग साधकों, एसएसबी जवानों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। योग तनाव, अवसाद और अस्वस्थ जीवनशैली से उत्पन्न चुनौतियों का प्रभावी समाधान है तथा नियमित अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता और मानसिक एकाग्रता बढ़ती है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक पहचान मिली और आज 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग से जुड़े हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड योग, अध्यात्म और साधना की भूमि है तथा राज्य सरकार उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य की योग नीति के तहत योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी तथा शोध कार्यों के लिए 10 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।

 

उन्होंने युवाओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और नशामुक्त, अनुशासित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।