Uttrakhand

शिक्षा व्यवस्था की ‘शव यात्रा’ निकाल कांग्रेस ने जताया विरोध, राहुल गांधी के कोटा संवाद को बताया युवाओं की उम्मीद

देहरादून ,भारत केसरी

नीट पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस नेता रितेश छेत्री के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग उठाई।

Oplus_16908288

यात्रा यमुना कॉलोनी से शुरू होकर किशननगर चौक तक पहुंची, जहां शिक्षा व्यवस्था का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था युवाओं को अवसर देने के बजाय निराशा और तनाव की ओर धकेल रही है।

रितेश छेत्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य युवाओं को बेहतर भविष्य और सम्मानजनक अवसर प्रदान करना है, लेकिन लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और बढ़ते शैक्षणिक खर्चों ने छात्रों और अभिभावकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

Oplus_16908288

कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने हाल ही में कोटा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा छात्रों और युवाओं के साथ किए गए संवाद का भी उल्लेख किया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि राहुल गांधी ने देश के युवाओं की समस्याओं को समझते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार और अवसर आधारित प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया है।

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा को व्यवसाय नहीं बल्कि अधिकार के रूप में देखा जाना चाहिए। उनका आरोप था कि महंगी कोचिंग, निजी संस्थानों की बढ़ती फीस और परीक्षा प्रणाली की खामियों ने लाखों परिवारों पर आर्थिक और मानसिक दबाव बढ़ाया है। पार्टी ने गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा के साथ-साथ पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा व्यवस्था की मांग दोहराई।

 

प्रदर्शन में उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रदीप जोशी, महामंत्री नवीन जोशी, प्रवक्ता दीप वोहरा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे