Uttrakhand

मैक्स हॉस्पिटल ने किया कमाल, कटा हुआ पैर दोबारा जोड़कर बचाई युवक की जिंदगी


देहरादून, भारत केसरी 

 

देहरादून के मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 23 वर्षीय युवक का कटा हुआ पैर दोबारा जोड़ दिया। औद्योगिक हादसे में युवक का दाहिना पैर और पंजा पूरी तरह शरीर से अलग हो गया था।

जानकारी के अनुसार युवक एक्सकेवेटर मशीन की कन्वेयर बेल्ट पर गिर गया था, जिससे उसका पैर कटकर अलग हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में मैक्स हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया। कटे हुए पैर को बर्फ में सुरक्षित रखकर अस्पताल पहुंचाया गया था।

अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने करीब आठ घंटे तक चली जटिल माइक्रोसर्जरी में टूटी हड्डियों, रक्त वाहिकाओं, टेंडन और क्षतिग्रस्त ऊतकों को सावधानीपूर्वक जोड़कर पैर को फिर से शरीर से जोड़ दिया।

सर्जरी के बाद मरीज को आईसीयू में निगरानी में रखा गया। इलाज के दौरान स्किन ग्राफ्टिंग और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं भी की गईं। 14 दिनों के उपचार के बाद युवक को स्थिर हालत में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिलहाल उसका पैर सुरक्षित है और आगे भी उसकी नियमित चिकित्सा निगरानी जारी रहेगी।


एस्थेटिक एंड रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी विभाग की कंसल्टेंट डॉ. चिसेल भाटिया ने बताया कि यह अत्यंत चुनौतीपूर्ण मामला था, जिसमें समय पर की गई माइक्रोसर्जरी और विशेषज्ञ टीमवर्क ने मरीज का पैर बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

इस सफलता के साथ मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने एक बार फिर गंभीर ट्रॉमा और जटिल सर्जरी के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता साबित की है।