15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, भुड्डी हत्याकांड में हथियार सप्लाई करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे
देहरादून। भारत केसरी
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली पटेलनगर पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्टल, तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार चंद्रबनी क्षेत्र में चोटिया बाबा मंदिर के पास निर्माणाधीन हाईवे के निकट तीन संदिग्ध व्यक्तियों के होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके से फरहान, फरमान बेग और जैद को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, दो खाली मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, दो देशी तमंचे 315 बोर और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद हथियार बिक्री के लिए लाए गए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि 14 जून को भुड्डी गांव में हुए सोहेल हत्याकांड में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी आरोपी फरहान द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। उक्त मामले में फरहान वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दून पुलिस का कहना है कि अपराधियों और अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
