Uttrakhand

हिमाद्रि आइस रिंक पहुंचीं खेल मंत्री, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

देहरादून, 28 जून, भारत केसरी 

उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को हिमाद्रि आइस रिंक पहुंचकर 21वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप-2026 में भाग ले रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 21 राज्यों से 500 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

इस अवसर पर खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल पर्यटन ही नहीं, बल्कि शीतकालीन खेलों के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि हिमाद्रि आइस रिंक भारत का एकमात्र और अत्याधुनिक विश्वस्तरीय इनडोर आइस रिंक है, जो राज्य में विंटर स्पोर्ट्स को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।

रेखा आर्या ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ी शॉर्ट ट्रैक और फिगर स्केटिंग जैसी ओलंपिक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस तरह के आयोजन न केवल आइस स्केटिंग को बढ़ावा देंगे, बल्कि उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए भी सशक्त बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। साथ ही राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को ‘आउट ऑफ टर्म’ सरकारी नौकरी देने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि खिलाड़ी पूरी तरह अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

खेल मंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

 

इस अवसर पर आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, सचिव जगराज साहनी, आइस स्केटिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष शिव पैन्यूली तथा विभिन्न देशों से आए निर्णायक मंडल के सदस्य भी उपस्थित रहे।