Uttrakhand

ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों को उत्तराखंड कांग्रेस की श्रद्धांजलि, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

देहरादून, भारत केसरी

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रविवार को ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए छह सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंट रोड स्थित शौर्य स्थल वार मेमोरियल (चीड़ बाग) पहुंचकर शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान सूर्यकांत धस्माना ने कवि माखनलाल चतुर्वेदी की प्रसिद्ध कविता ‘पुष्प की अभिलाषा’ का पाठ करते हुए शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों की शहादत को लंबे समय तक सार्वजनिक नहीं किया गया तथा संसद में सरकार ने इस विषय पर गलत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेना और शहीदों के नाम पर राजनीति करना उचित नहीं है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देश हमेशा शहीद सैनिकों का ऋणी रहेगा। वहीं प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल, गोरखा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनिल बस्नेत और श्रम विभाग के अध्यक्ष दिनेश कौशल ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

 

कार्यक्रम में अमीचंद सोनकर, संतोष नैनवाल, डॉ. सुनील अग्रवाल, किशोर उनियाल, राजेंद्र धवन, विजय शाही, आदर्श सूद, गगन छाछर, आनंद सिंह पुंडीर, राहुल अग्रवाल, शुभम सैनी, सोनू काजी, सुल्तान, घनश्याम वर्मा, कमल किशोर शर्मा, एडवोकेट नरेंद्र कुमार, सुरेंद्र नौटियाल, नरेंद्र खड़का सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।