दून मेडिकल कॉलेज में अनंत गोपाल संगीत मंच समिति के 51वें वार्षिक उत्सव में ‘नारी तू नारायणी’ प्रस्तुति ने जीता दिल
देहरादून | 28 जून 2026
भारत केसरी
दून मेडिकल कॉलेज के सभागार में रविवार को अनंत गोपाल संगीत मंच समिति एवं गुरुकुल के 51वें वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या शामिल हुईं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गुरुकुल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य-नाटिका “नारी तू नारायणी” रही, जिसने महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बच्चों ने मंच पर नारी के विविध स्वरूपों और उसकी शक्ति का जीवंत चित्रण किया है, जिसके लिए वे और उनके गुरुजन बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि नारी सृजन की प्रतीक है और आवश्यकता पड़ने पर उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली की तरह समाज की रक्षा भी करती है।
मंत्री ने पिछले 51 वर्षों से शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्था की सराहना करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली बच्चों को छात्रवृत्ति और निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना एक प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने कहा कि “कला को सेवा भाव से जोड़ना ही सच्ची राष्ट्र सेवा है।”
रेखा आर्या ने अभिभावकों से बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने और उनके सपनों को पूरा करने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार राज्य की प्रत्येक बेटी के सर्वांगीण विकास और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित लोकगायिका माधवी बर्थवाल, आनंद गोपाल संगीत मंच की अध्यक्ष प्रतिभा श्रीवास्तव, डॉ. यश श्रीवास्तव, नरेश भटनागर, ध्रुव भटनागर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

