Vision 2027′ के साथ चुनावी मैदान में उतरा UKD, डोईवाला से शुरू किया जनसंवाद अभियान
देहरादून | 28 जून 2026
भारत केसरी
उत्तराखण्ड क्रान्ति दल (UKD) ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए रविवार को देहरादून के बालावाला में अपने नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित “UKD Vision 2027” जनसंवाद कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने संगठन विस्तार, जनसंपर्क और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने कहा कि पार्टी ने करीब डेढ़ वर्ष पहले ही चुनावी तैयारियां शुरू कर दी थीं और अब जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन का नेतृत्व करने वाला उत्तराखण्ड क्रान्ति दल एक बार फिर राज्य के मूल मुद्दों को लेकर जनता के बीच मजबूत विकल्प बनकर उभर रहा है।
कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता, मूल निवास, भू-कानून, रोजगार और राज्यहित के मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार जनसंवाद कर रही है। उनका कहना था कि राज्य को बचाने और जनभावनाओं को मजबूत करने के लिए जनता फिर से UKD के साथ जुड़ रही है।

कार्यक्रम के आयोजक संजय चौधरी ने बताया कि Vision 2027 अभियान की शुरुआत डोईवाला क्षेत्र से की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी गांव-गांव जाकर आम लोगों की समस्याएं सुनेगी और उन्हें अपनी नीतियों व भविष्य की योजनाओं से अवगत कराएगी।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया।

