बद्री-केदार मंदिरों में चढ़ावे में अनियमितता के आरोपों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, JPC निगरानी में जांच की मांग
देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिरों में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों को गंभीर बताते हुए संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की निगरानी में उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में धस्माना ने दावा किया कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवादों के बाद अब बद्री-केदार मंदिरों में भी चढ़ावे और केदारनाथ मंदिर में सोने से जुड़े मामलों पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच किसी केंद्रीय एजेंसी या अन्य उच्च स्तरीय जांच तंत्र से कराई जानी चाहिए।
धस्माना ने भाजपा सरकार और बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
इसके साथ ही धस्माना ने प्रदेश सरकार पर महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, भ्रष्टाचार, आपदा पुनर्वास और अवैध खनन जैसे मुद्दों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा परिस्थितियों में सरकार के जश्न मनाने का कोई औचित्य नहीं है।
कांग्रेस नेता ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकाली जा रही परिवर्तन संकल्प यात्रा को जनता का समर्थन मिल रहा है। प्रेस वार्ता में दिनेश कौशल, सुशील डोभाल और आनंद सिंह पुंडीर भी मौजूद रहे।
