रीया थापा की मौत पर कांग्रेस का कैंडल मार्च, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा घोटालों की जांच की मांग
देहरादून: प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को देहरादून में छात्रा रिया थापा के निवास पूजा विहार से कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान परिजनों, स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रिया थापा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा।

कैंडल मार्च का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि इन मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए तथा परीक्षा प्रणाली से जुड़े मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए।
वैभव वालिया ने कहा कि रिया थापा की मौत देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने और पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस ने कहा कि वह परीक्षा प्रणाली में सुधार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी। कैंडल मार्च में उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, हरेन्द्र गोसाई, विकास नेगी, मंजू त्रिपाठी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक और रिया थापा के परिजन मौजूद रहे।
