देश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में पहले बैच का चयन, 30 बेटियों ने रचा इतिहास
देहरादून/लोहाघाट: उत्तराखंड के चम्पावत जिले के लोहाघाट में स्थापित देश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज ने अपने पहले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कर दी है। चयन परीक्षा का परिणाम जारी होने के साथ ही पहले बैच के लिए 30 छात्राओं का चयन किया गया है।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने चयनित छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे उत्तराखंड और देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।


रेखा आर्या ने कहा कि यह देश का पहला समर्पित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज है, जहां छात्राओं को विश्वस्तरीय खेल प्रशिक्षण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएगी। उनका कहना है कि इससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बेटियों को अपनी क्षमता निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस संस्थान से निकलने वाली खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक, एशियाई खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर उत्तराखंड और भारत का नाम रोशन करेंगी। खेल मंत्री ने कहा कि पहले बैच की 30 छात्राएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी और यह पहल महिला खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी।
