पौड़ी में सतपाल महाराज ने करोड़ों की विकास योजनाओं का किया शिलान्यास, बोले- 2035 तक विकसित उत्तराखंड हमारा लक्ष्य
पौड़ी: उत्तराखंड सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने शनिवार को पौड़ी जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान सतपाल महाराज ने पिनानी, घुडदौणस्यू, कोटा, पंचूर, मनकोट और पाटीसैण शक्ति केंद्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विकासखंड पाबौ के ग्राम ऋषि में करीब 14.83 करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें पाबौ-पिनानी-दमदेवल मोटर मार्ग के डामरीकरण, पाबौ-दमदेवल मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत झगरबौ-सिवाल-पल्ली गांव मोटर मार्ग का निर्माण शामिल है। इसके अलावा ग्राम झंगरबों में 10 लाख रुपये की लागत से बने पंचायत भवन का लोकार्पण भी किया।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिनानी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार “सेवा, सुशासन और समर्पण” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
