दलित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अनुसूचित जाति आयोग पहुंचे UTF, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
देहरादून: सेवला खुर्द निवासी एक दलित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उत्तराखण्ड टाइगर फोर्स (UTF) ने शनिवार को उत्तराखण्ड अनुसूचित जाति आयोग कार्यालय पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। संगठन ने थाना पटेलनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 379/2026 में पुलिस कार्रवाई में कथित देरी और ढिलाई का आरोप लगाया।

UTF के केंद्रीय अध्यक्ष ललित उत्तराखण्डी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में संगठन ने आरोप लगाया कि आयोग के हस्तक्षेप के बाद मुकदमा तो दर्ज हुआ, लेकिन अब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला है। संगठन का दावा है कि राजनीतिक दबाव के चलते मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी भी लंबित है।
प्रदर्शन के दौरान आयोग अध्यक्ष की अनुपस्थिति में उनके सचिव ने ज्ञापन प्राप्त किया। बाद में आयोग अध्यक्ष ने दूरभाष पर संगठन के प्रतिनिधियों से बातचीत कर मामले को गंभीरता से लेने और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई के लिए बात करने का आश्वासन दिया। आयोग की ओर से कहा गया कि दलित समाज के उत्पीड़न के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
UTF ने मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा किसी भी राजनीतिक हस्तक्षेप की जांच की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा और आगे आंदोलन तेज करेगा।
