ऋषिकेश में ‘सेवा पखवाड़ा’ का शुभारंभ, ₹219 करोड़ की 51 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
- ऋषिकेश में ‘सेवा पखवाड़ा’ का शुभारंभ, ₹219 करोड़ की 51 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
ऋषिकेश/देहरादून: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देहरादून जनपद की 219 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 51 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री के रूप में पांच वर्ष से अधिक का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, भू-कानून और महिला सशक्तिकरण जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लेकर विकास और सुशासन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन, निवेश, चारधाम पुनर्विकास, जी-20 बैठकों और राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से उत्तराखंड विकास और निवेश के नए केंद्र के रूप में उभरा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को विकसित और श्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, महिलाओं के सशक्तिकरण, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, स्टार्टअप नीति, होमस्टे योजना और ‘एक जनपद-दो उत्पाद’ जैसी योजनाओं पर प्रभावी ढंग से कार्य किया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी गई हैं तथा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सेवा पखवाड़ा के दौरान जनता के बीच जाकर समस्याओं का त्वरित समाधान करने और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
