CRIME NEWSUttrakhand

फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट पर STF का बड़ा एक्शन, ऑपरेशन ‘प्रहार’ में 13वीं गिरफ्तारी

देहरादून/काशीपुर: उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए काशीपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार, यह अभियान के तहत अब तक की 13वीं गिरफ्तारी है।

एसटीएफ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पलविन्दर सिंह (46), निवासी कचनालगाजी, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के पास से एक .30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .315 बोर राइफल तथा दोनों हथियारों के लिए कुल 8 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि एक ही फर्जी लाइसेंस नंबर पर दो कूटरचित शस्त्र लाइसेंस तैयार कर दो अलग-अलग हथियार खरीदे गए थे।

 

एसटीएफ के अनुसार, फर्जी शस्त्र लाइसेंस नेटवर्क की जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनकी गंभीरता को देखते हुए यह मामला राष्ट्रीय स्तर की जांच का विषय बन सकता है। अभियान के तहत अब तक 13 अभियुक्तों की गिरफ्तारी, 19 अवैध शस्त्र, 358 कारतूस तथा बड़ी संख्या में फर्जी और संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।

 

एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे स्वयं अपने शस्त्र और लाइसेंस के साथ आत्मसमर्पण करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

यह कार्रवाई एसटीएफ की टीम ने निरीक्षक अरुण कुमार के नेतृत्व में की।