9 जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आएंगे कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, प्रदेश नेताओं संग करेंगे मंथन
देहरादून:
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) एवं सांसद **के.सी. वेणुगोपाल** 9 जुलाई को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न समितियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।


प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन **राजीव महर्षि** ने बताया कि 9 जुलाई को दोपहर 12 बजे के.सी. वेणुगोपाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, केंद्रीय इलेक्शन कमेटी (CEC) के सदस्यों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक होगी।
कार्यक्रम के अनुसार शाम 4 बजे जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों तथा शाम 6 बजे पार्टी के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी।
10 जुलाई को के.सी. वेणुगोपाल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे और फिर नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
यह दौरा आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

