Uttrakhand

नर्सिंग भर्ती परीक्षा तिथि जारी होने पर अभ्यर्थियों का विरोध तेज, 213वें दिन भी धरना जारी

 

 

देहरादून: भारत केसरी

नर्सिंग भर्ती में वर्षवार चयन की मांग को लेकर **नर्सिंग एकता मंच** के बैनर तले चल रहा बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना रविवार को **213वें दिन** भी जारी रहा। इस बीच सरकार द्वारा नर्सिंग भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित किए जाने के बाद आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताई और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

धरना दे रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले सात माह से अधिक समय से वर्षवार भर्ती की मांग कर रहे हैं। उनका दावा है कि **13 मई** को महानिदेशक स्वास्थ्य (डीजी हेल्थ) की ओर से वर्षवार भर्ती का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, लेकिन उस पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। इसके बावजूद परीक्षा तिथि घोषित किए जाने से अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।

 

नर्सिंग एकता मंच का कहना है कि सरकार पहले वर्षवार भर्ती का निर्णय ले चुकी थी और उसी के आधार पर अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। मंच ने मांग की है कि परीक्षा प्रक्रिया आगे बढ़ाने से पहले सरकार वर्षवार भर्ती प्रस्ताव पर अपना स्पष्ट निर्णय सार्वजनिक करे।

 

मंच ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और व्यापक किया जाएगा।