CM UTTRAKHANDUttrakhand

टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने पहले दल को दिखाई हरी झंडी

टनकपुर/चम्पावत: उत्तराखंड से संचालित पावन कैलाश मानसरोवर यात्रा का रविवार को टनकपुर से शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदा पर्यटक आवास गृह से यात्रा के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का रुद्राक्ष की माला और भगवान शिव का पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय समरसता का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सीमांत क्षेत्रों के स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों की खरीद कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने की अपील की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्राचीन मंदिरों के पुनरुद्धार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टनकपुर मार्ग से लगातार दूसरे वर्ष यात्रा संचालित होने से चम्पावत जिले में धार्मिक पर्यटन, व्यापार, परिवहन, होटल व्यवसाय और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

 

शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक के अनुसार, पहले दल में चिकित्सक सहित 49 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 34 पुरुष और 15 महिलाएं हैं। श्रद्धालु देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हैं। दल में राजस्थान के 68 वर्षीय पुरुषोत्तम खंडेलवाल सबसे वरिष्ठ और गुजरात के 21 वर्षीय हरिकृष्णा सबसे युवा यात्री हैं।

 

यात्रा के पहले दल के स्वागत में शनिवार शाम टनकपुर में छोलिया नृत्य, पुष्पवर्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए उत्तराखंड सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना भी की।