Uttrakhand

रिया थापा को न्याय दिलाने की मांग तेज, कांग्रेस ने देहरादून में निकाला मशाल जुलूस

देहरादून: देहरादून की छात्रा रिया थापा को न्याय दिलाने और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों ने रविवार को देहरादून में मशाल जुलूस निकाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा, अभिभावक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

आयोजकों ने कहा कि यह अभियान केवल रिया थापा को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के छात्रों के अधिकारों, निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और जवाबदेही की मांग को लेकर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘छात्रों की गूंज’ अभियान लगातार जनसमर्थन प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

 

मशाल जुलूस में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विनीत प्रसाद भट्ट, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हिमांशु रावत, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष तेजस्वी राणा, पार्षद इताद खान सहित कांग्रेस और छात्र संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।