CRIME NEWSDEHRADUN

रायपुर फायरिंग कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; पुरानी रंजिश बनी वारदात की वजह

देहरादून: रायपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात की वजह बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान शुरू हुई पुरानी रंजिश थी।

पुलिस के मुताबिक, 3 जुलाई की रात रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग में नवीन राणा के कंधे और वहां से गुजर रहे कमेन्द्र शर्मा के पैर में गोली लगी थी। मामले में थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कर एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और घायलों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अरुण कुमार उर्फ छोटू, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को थानो रोड स्थित सोढ़ा सरोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और घायल कमेन्द्र शर्मा के बीच बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच देहरादून में फिर विवाद हुआ, जो फायरिंग में बदल गया। इस दौरान चली गोलियों से कमेन्द्र शर्मा और नवीन राणा घायल हो गए।

 

पुलिस का कहना है कि मामले का मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

 

दून पुलिस ने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।