भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी AAP, प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में बनी रणनीति
देहरादून: आम आदमी पार्टी (AAP) उत्तराखंड की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार को देहरादून के अग्रवाल भवन में प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार के साथ-साथ राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ जनहित के मुद्दों पर आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्व को प्राथमिकता देकर पार्टी ने सकारात्मक संदेश दिया है।
प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव ने दावा किया कि पार्टी द्वारा हाल ही में जिला अस्पतालों के निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई कमियां सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि दवा, डॉक्टर और डायग्नोस्टिक सुविधाओं की कमी को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
बैठक में पंजाब मॉडल की तर्ज पर उत्तराखंड की 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये सम्मान राशि देने की मांग दोहराई गई। इसके अलावा अंकिता भंडारी प्रकरण, नीट परीक्षा विवाद, स्मार्ट सिटी परियोजना, बेरोजगारी, पलायन और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी सरकार की आलोचना की गई।
महेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी अगले दो महीनों में प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत करने, महिला एवं युवा विंग को सक्रिय करने और जनसंपर्क अभियान चलाने पर फोकस करेगी। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के सामने एक विकल्प के रूप में उतरेगी।
नोट: यह समाचार आम आदमी पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। इसमें सरकार के संबंध में लगाए गए आरोप और दावे पार्टी के हैं। सरकार का पक्ष इस प्रेस विज्ञप्ति में शामिल नहीं है।
