DEHRADUNDM DEHRADUN

उत्तराखंड में पहली बार लागू हुईं कई ऐतिहासिक पहलें, देहरादून में नवाचार योजनाओं का हुआ प्रस्तुतीकरण

देहरादून। सेवा, सुशासन एवं समर्पण दिवस के अंतर्गत आयोजित सेवा सप्ताह के दूसरे दिन देहरादून के सायूराम इंटर कॉलेज में “प्रदेश में प्रथम बार नवीन पहलों, कार्यक्रमों एवं योजनाओं का क्रियान्वयन” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य सरकार की पिछले पांच वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों और जनपद देहरादून में शुरू की गई अभिनव योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की। इसके अलावा सशक्त भू-कानून, देश का सबसे सख्त नकलरोधी कानून, 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन, नई खनन नीति, शीतकालीन चारधाम यात्रा और सभी जिलों में पहली बार “लैब ऑन व्हील्स” जैसी पहलों को भी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया गया।

 

जनपद देहरादून की नवाचार योजनाओं में बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान, तीन स्थानों पर ऑटोमेटेड पार्किंग, चार हिलांस कैंटीन, विदेश रोजगार प्रकोष्ठ, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क वाहन सुविधा, देहरादूनी बासमती के पुनर्जीवन की पहल, आधुनिक रेफरल पशु चिकित्सालय तथा ग्रीन सेस व्यवस्था जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं का प्रस्तुतीकरण करते हुए बताया कि इन पहलों का उद्देश्य जनसेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आम नागरिकों के लिए सुलभ बनाना है। बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।